Showing posts with label मोहम्मद साजिद खान. Show all posts
Showing posts with label मोहम्मद साजिद खान. Show all posts

Wednesday, December 11, 2013

साहित्य अमृत का बालसाहित्य विशेषांक -नवम्बर, 2013


साहित्य अमृत का बाल-साहित्य विशेषांक'
  -मनोहर चमोली ‘मनु’.


कुछ वर्षों से साहित्य एवं संस्कृति का संवाहक ‘साहित्य अमृत’ अपने कुछ अंक विशेषांक के रूप में प्रकाशित कर रहा है। इसके विशेषांक समूचे साहित्य
जगत में बेहद चर्चित ही नहीं रहते, अपितु विमर्श को आगे बढ़ाने में कारगर
भूमिका भी निभाते हैं। नवम्बर 2012 में इस मासिक पत्रिका ने बाल-साहित्य
विशेषांक प्रकाशित किया था। उस बहुचर्चित अंक की शानदार कड़ी में पुनः
नवम्बर 2013 का अंक बाल-साहित्य विशेषांक के रूप में सराहा जा रहा है। यह
अंक पठनीय, अतुलनीय और बेजोड़ ही नहीं हैं, संग्रहणीय भी है।

    अठारह वर्षों से निरंतर प्रकाशित पत्रिका के संस्थापक संपादक पं0
विद्यानिवास मिश्र, डाॅ0 लक्ष्मीमल्ल सिंघवी और वर्तमान संपादक
त्रिलोकीनाथ चतुर्वेदी का संपादन रेखांकित कराता है कि भले ही साहित्य
अमृत प्रभात प्रकाशन का ही एक अंग है, लेकिन इसका ध्येय अपने प्रकाशनों
की सूची और समाचार प्रकाशित करना भर नहीं है। पाठकों के समक्ष वह प्रति
माह एक नपे-तुले आकार में ही सही किन्तु साहित्य की विहंगम दृष्टि लेकर
आता है।

    एक बात तो तय है कि बाल-साहित्य पर विशेषांक निकालने की युक्ति आधा
दर्जन नियमित पत्रिकाएं कुछ वर्षों से कर तो रही हैं, लेकिन साहित्य अमृत
के ये दोनों अंक विशेषांक कई अर्थों में अन्य पत्रिकाओं से बीस रहे है।

    बाल-साहित्य का यह ताज़ा अंक बीते सौ वर्षों के बाल साहित्य में रत
चार-पीढ़ी के रचनाकारों की बेहतरीन रचनाएं पाठकों के समक्ष लाने में सफल
रहा है। ये ओर बात है कि एक अंक में समग्र बाल-साहित्य और सभी रचनाकार
शामिल नहीं हो सकते। इस अंक में युवा साहित्यकारों को भी काफी स्थान
प्राप्त हो सका है। यह अंक बाल-साहित्य की विहंगम झलक तो दिखाता ही है,
साथ में युवा बाल साहित्यकारों की दशा-दिशा उनकी रचनाओं से प्रस्तुत कर
पाया है। यह बाल-साहित्य विशेषांक भारतीय ही नहीं विश्व बाल-साहित्य की
संक्षिप्त सैर भी कराता है।

    विशेषांक निकालने और एक अंक में बहुरंगी विविधता रखने और रख पाने में
अन्तर होता है। किसी भी अंक की अपनी सीमाएं होती हैं। फिर भी इस अंक में
सौ वर्षों से बह रही बाल साहित्य की नदी से पैंसठ कविताएं शामिल रख पाना
प्रशंसनीय है। देश-काल, परिस्थिति और बहाव के स्तर की विविधता से भरी
चैंतीस कहानियां शामिल करना किसी भगीरथ प्रयास से कम नहीं है। पांच
महत्वपूर्ण और दिलचस्प आलेख, तीन नाटक, एक उपन्यास अंश, एक संस्मरण, दो
विज्ञान कथाएं, पांच बाल गीत, एक यात्रा वृतांत भी इस अंक में शामिल है।

    यह महत्वपूर्ण बात है कि अंक में अधिकतर रचनाकारों का परिचय, पता व
सम्पर्क सूत्र भी पाठकों के लिए प्रस्तुत है। अलबत्ता कवियों के मामले
मंे यह संभव नहीं हो सका है। पृष्ठों की संख्या शब्दों में दी गई है।

    जयशंकर प्रसाद (1889-1937) की बेहद संवेदनशील और बार-बार पढ़ने योग्य
कहानी ‘छोटा जादूगर’ को सबसे प्रारंभ में दिया गया है। इस मर्मस्पर्शी
कहानी में एक बार पाठक फिर से मेला-हाट बाजार की ओर चल पड़ते है। नई पीढ़ी
के लिए अब वैसे भी पारम्परिक मेला इतिहास की बात हो गए हैं। यह कहानी
मुंशी प्रेमचन्द की ‘ईदगाह’ से कमतर नहीं हैं। बच्चा जादूगर अपनी बीमार
मां के लिए सीमा और सामथ्र्य से अधिक जतन करता है, लेकिन फिर भी अपनी मां
को बचा नहीं पाता।

     कथा सम्राट प्रेमचंद (1880-1936) की सुप्रसिद्व कहानी ‘मिट्ठू’
पाठकों के लिए यहां मौजूद है। गोपाल सर्कस के बंदर मिट्ठू से हिल-मिल
जाता है। गोपाल को चीता के अप्रत्याशित हमले से मिट्ठू बचाता है। अंत में
सर्कस मालिक मिट्ठू को गोपाल के हाथ दे देता है। कहानी अचानक नया मोड़
लेती है और अंत भी बड़ा खुशगवार महसूस होता है।

    सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला (1899-1961) की सात लघु और रोचक कहानियां
धरोहर के रूप में पाठकों के सामने हैं। यह कहानियां कई बार प्रेरक के रूप
में आंचलिकता की चाश्नी में डूबों कर कई-कई बार सुनी-पढ़ी जा चुकी हैं।
यहां वे मौलिक रूप मंे प्रस्तुत हैं।

    प्रसिद्ध लेखिका पुष्पा भारती का आलेख ‘बाल साहित्य नई तरह से रचना
होगा’ प्राचीन काल से अब तक के बाल साहित्य के इर्द-गिर्द प्रसिद्ध
पुस्तकों की जानकारी भी देता है। लेखिका प्राचीनतम् बालोपयोगी साहित्य को
जीवन मूल्य का अनमोल खजाना बताती हैं। वहीं वह वर्तमान समय की
चुनौतियों-स्थितियों के सापेक्ष नई पौध की रुचियों के अनुरूप साहित्य
लेखन की अपील भी करती है।

    लक्ष्मीनारायण लाल का नाटक बंदर का खेल चुटीला नाटक है। मजेदार बात
यह है कि इसे छोटे बच्चे भी आसानी से खेल सकते हैं। बंदर-बंदरिया के
विवाह में ना-नुकुर कैसे हां में बदलती है,यही नाटक का सार है।

    उपन्यासकार और कथाकार अमृतलाल नागर की विज्ञान कथा ‘अंतरिक्ष सूट में
बन्दर’ उनके फंतासी और काल्पनिकता सोच से पाठकों को चैंकाती है। यह कथा
अंत तक बांध सकने में सफल हुई है।

        हाल ही में दिवंगत हरिकृष्ण देवसरे को बाल-साहित्य को मान-सम्मान
दिलाने के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। देवसरे जी का महत्वपूर्ण आलेख
पं. महावीर प्रसाद द्विवेदी पर है। उन्होंने द्विवेदी जी के बालसखा के
प्रकाशन से जुड़ी रोचक जानकारियां भी दी हैं। बाल साहित्य के
प्रचार-प्रसार में द्विवेदी जी के योगदान को इस आलेख में रेखांकित किया
गया है।

     आलमशाह खान की बेहद चर्चित कहानी ‘मिनी महात्मा’ बच्चों के सरल
व्यवहार के साथ अपनी पर आ जाने के मिश्रित रूप का धारदार रूप है। कथाकार
ने बेहद करीब से बाल मनोभावों को जाना है और बच्चे को बड़ों द्वारा मासूम
बालमन मान लेने की गलती न करने की ओर संकेत अनायास ही दे दिया है। यह ऐसी
कहानी है कि जिसे पूरा पढ़ लेने और बार-बार पढ़ने का मन करता है।

    अमर गोस्वामी की हास्य कथा ‘शेर सिंह का चश्मा’ मनुष्य और जानवरों के
बीच संवाद करती है और लगता ही नहीं कि यह बेहद काल्पनिक है। भला शेर भी
मनुष्यों के चश्मों को अपनी आंखों में पहन-पहन कर अनफिट करार कैसे दे
सकता है? अंत में किसी का चश्मा से शेर को ठीक-ठाक दिखने लगता है और वह
फिट कह देता है। ये बड़ी ही दिलचस्प और सधी हुई कहानी है। इस कहानी को
पढ़ते समय हर एक पाठक मुस्कराए बिना नहीं रहता। यही इस कहानी की विशेषता
है।

    प्रख्यात बाल साहित्यकार क्षमा शर्मा का उपन्यास अंश ‘घर उड़ा आकाश’
पढ़कर कमोबेश हर पाठक इस उपन्यास को खोजकर पढ़ने के लिए बाध्य कर सकता है।
लेकिन यह उपन्यास किस प्रकाशन ने छापा है? कब छापा है। यह उल्लेख यदि हो
जाता तो पाठकों को इस उपन्यास की ढूंढ-खोज करने में और आसानी हो जाती।

    प्रकाश मनु का आलेख ‘बचपन का बहुरंगी उत्सव हैं आज के बाल नाटक’  एक
महत्वपूर्ण दस्तावेज बन पड़ा है। हैरानी का बात तो यह है कि शायद ही कोई
जरूरी नाटक होगा, जिसका उल्लेख इस आलेख में न हुआ होगा। प्रकाश मनु का यह
आलेख साबित करता है कि बाल-साहित्य पर सूक्ष्म नज़र रखना किसी तपस्या से
कम नहीं है। प्रकाश मनु ढूंढ-खोज कर बाल-साहित्य पढ़ते हैं। यह आलेख इस
बात की पुष्टि करता है। प्रकाश मनु ने आजादी से पहले, आजादी के बाद और
वर्तमान समय के नाटक में इन नाटकों पर अपनी पारखी नज़र डाली है। यही नहीं
उन्होंने प्रख्यात रचनाकारों के लिखे नाटकों पर भी विहंगम रोशनी बिखेरी
है।

    बांग्ला रचनाकार महाश्वेता देवी की कहानी ‘बूढ़ी मां का मुर्ग बेटा’
में लोक कथा की छाया दिखाई देती है। अकेली गरीब भूखी बुढ़िया को भीख में
एक दिन एक अंडा मिलता है। बेचारी बुढ़िया उपवास रखकर उस अंडे को संभाल
देती है। अगले दिन उस अंडे में से मुर्गा निकलता है। गरीब बुढ़िया उसे
पालती है। जादुई मुर्गा एक दिन अपनी शादी की बात चलाता है। मुर्गा की
शादी का किस्सा महाश्वेता जी ने ऐसे पिरोया है कि पूरी कहानी को झट से
पढ़लेने का मोह पाठक नहीं छोड़ पाते। काल्पनिकता और पात्रों का संयोजन
देखते ही बनता है।

    श्री प्रसाद की कहानी मोनू मुक्त हुआ में मोनू का अपहरण दिलचस्प मोड़
ले लेता है। कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है पाठक कहानी में खुद का रमता हुआ
पाता है। विदेशी भाषा की जानकारी ही मोनू को उसके घरवालों और पुलिस के
हाथों अपहरणकर्ताओं की पकड़ का कारण बनती है। यह कहानी अप्रत्यक्ष रूप से
यह अहसास कराती है कि आंचलिक या विदेशी भाषा की जानकारी कभी -कभी आपके
बहुत काम आ सकती है। कुछ हिन्दी फिल्म चैन्नई एक्सप्रेस की कहानी भी ऐसी
ही है। यह इस बात की ओर इशारा करती है कि सीखा हुआ कुछ भी कहीं भी कभी भी
काम आ सकता है।

    प्रताप सहगल का नाटक नई रीत में बच्चे हिन्दी में अंत्याक्षरी खेलते
हैं। अंतिम वर्ण से अंत्याक्षरी को आगे बढ़ाते हैं। नाटक के अंत में
देवांश का  रिटर्न गिफ्ट में दोस्तों को किताबें देना मन को मोह लेता है।
यह नाटक भी बच्चे आसानी से खेल सकते है। बच्चों को नाटक खेलते हुए देख
रहे बच्चे भी अंत्याक्षरी की ओर उन्मुक्त होंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि
खेल-खेल में बच्चे बहुत कुछ सीखते हैं। यही नाटक का उद्देश्य दिखाई पड़ता
है।

    अभिमन्यु अनत की कहानी ‘सुदनवा’ बेहद मार्मिक है। यह कहानी दस वर्षीय
रनिया पर केन्द्रित है। यह कहानी बच्चों के कोमल हृदय में निहित पशु
प्रेम पर आधारित है। रनिया का सुदनवा बकरे से अगाध प्रेम है। कहानी का
घटनाक्रम आगे बढ़ता है तो सुदनवा को संक्राति के दिन गोश्त के लिए मार
दिया जाता है। दो दिन से भूखी रनिया भोजन करने से इंकार कर देती है।

    विनायक की कहानी ‘आइ लव यू’ बच्चों के खिलौने के प्रति बेहद लगाव और
उस लगाव से मिली उर्जा पर केन्द्रित है। मिस सुखलाल की पांचवी कक्षा में
पढ़ रही बेटी की ट्यूटर मिस ब्यूला और बच्ची के एक महीने के टूयशन पढ़ने के
आस-पास घूमती है। बार्बी डाॅल वाली परी की इस कहानी में महती भूमिका है।
एक महीने मिस ब्यूला के आने का भ्रम बाद में तब खुलता है जब वह वास्तव
में एक माह बाद आती है। काॅपी पर बच्ची के खुद किए गए अभ्यास से यह
खुलासा होता है कि मैथ्स पढ़ाने आने वाली ब्यूला महीने भर के लिए बाहर चली
ही गई थीं। अब जब आई हैं तो बच्ची को पढ़ाने आने वाली कौन थी। इस रहस्य पर
पाठक को खुद को बार्बी डाॅल से जोड़ना होगा। यह बेहद दिलचस्प कहानी बन पड़ी
है।

    जाने-माने बाल साहित्यकार देवेन्द्र कुमार की कहानी स्कूल चलो एक
अच्छी कहानी है। यह कहानी भरतू रिक्शावाले और छात्र रमेश के आस-पास घूमती
है। बच्चे अक्सर रिक्शा में आते-जाते अपनी कोई किताब-काॅपी भूल जाते हैं।
रमेश का बचपना भरतू को पसंद आता है। वह रमेश के नजदीक होता चला जाता है।
बातों ही बातों में रमेश एक बार भरतू को पढ़ाने के लिए तैयार हो जाता है।
लेकिन अभी एबी का सबक शुरू ही हुआ था कि रमेश बीमार पड़ जाता है और दो-तीन
स्कूल न जाने की बात सुन-सुनकर भरतू का दिल बैठ जाता है। रमेश की मां
सरिता देवी से वह एक दिन दोपहर में रमेश को देख लेने की बात कह ही देता
है। भरतू रमेश को मास्टरजी कहता है। बाद में कहानी ऐसा मोड़ लेती है कि
रमेश की मां भरतू को पढ़ाने के लिए तैयार हो जाती है। रमेश से मिलने आया
भरतू जाने से पहले रमेश के सिर पर हाथ रखने का मोह नहीं छोड़ पाता और ऐसा
करते हुए उसकी आंखे भीग जाती है। यह कहानी पाठक के मन में भी भावनात्मक
लगाव पैदा करती है। यही नहीं अनायास ही रमेश,भरतू और सरिता देवी का
रेखाचित्र आंखों के सामने खुद-ब-खुद खींच जाता है।

    मनोहर वर्मा की कहानी कुटकुट और अनार भी बेहद भावुक कहानी है। दरअसल
बाल-साहित्य में केवल चुटीला अंदाज ही रहे। नटखटपन और बचपना ही दिखाई
पड़े। ऐसा नहीं है। कई बेहद मार्मिक और भावुक कहानियां इस बात की ओर संकेत
करती हैं कि यदि कहानी में जज़्बात नहीं हैं,मानवीयता नहीं है। संवेग
नहीं हैं, मानवीय मूल्य नहीं हैं, तो भले ही वे कहानियां कितनी ही अच्छी
हों, भूली-बिसरी हो सकती हैं। लेकिन मूल्यों से ओत-प्रोत कहानियां भी बाल
कहानियांे का अहम् हिस्सा हैं और रहेंगी। कुटकुट और अनार ऐसी ही कहानी
है। कुटकुट और अनार के पेड़ पर लगे अनार की मित्रता का अंत बेहद मार्मिक
है। एक गिलहरी किस कदर किसी फल से इतना अगाध प्रेम कैसे कर सकती है। घोडा
घास से दोस्ती करेगा कया? यह प्रश्न यहां विचलित नहीं करता। अंत में जब
अनार शाख से टूट जाता है और गिलहरी को यह कहता है कि मैं पूरी तरह से पक
चुका हूं। यदि तुमने मुझे नहीं खाया तो मेरे दाने सड़ जाएंगे। आंसूओं से
भरी कुटकुट गिलहरी अनार को अपने हाथों में ले लेती है।

    उषा यादव की कहानी ‘नन्ही परी और जादुई छड़ी’ लींजी की मासूमियत और
मां के प्रति कोमल भावनाओं का ही प्रतिफल है। उषा यादव ने बच्चों को ही
परी माना है। कैसे एक कैंसर से जूझ रही और अपनी मौत स्वीकार कर चुकी मां
को उसकी नन्ही बेटी रोजाना एक पत्र लिख कर बचा लेती है। यही कहानी का सार
है। संवाद बेहद मर्मस्पर्शी बन पड़े हैं। यह कहानी आसानी से बच्चों में
कही जा सकती है।

    रूस के चर्चित कथाकार विताउते जिलिंस्काइते की प्रसिद्ध कहानी ‘रोबट
और तितली’ भले ही विदेशी धरती के ताने-बाने में बुनी है। लेकिन इसमें मन
खूब रमता है। तितली के नाजुक पंखों और रोबट की मशीनी काया कहीं भी कथा
में बाधक नहीं बनती। संवाद तो बेहद मनभावन हैं ही। जीवों और मशीनों में
भावनात्मक अंतर को कहानी में बड़े सशक्त ढंग से रखा गया है। तितली के दम
तोड़ देने के बाद रोबट की आंखें आखिरकार डबडबा ही जाती है। दर्द का रिश्ता
इस कहानी में अच्छे से रेखांकित हो सका है।

    डाॅ.सुनीता की चुलबुली कहानी ‘साकरा गांव की रामलीला’ नानी के गांव
की याद दिलाती है। रामलीला के बहाने दीपा और उसकी नानी के बीच जो संवाद
हैं, वे मन ही मन प्रसन्नता का भाव भरते हैं। औरतों की रामलीला और साकरा
गांव का चित्र आंखों में स्वतः ही बन पड़ता है।

    विभा देवसरे की मर्मस्पर्शी प्रसिद्ध कहानी ‘रामचरण की भिंडी’ तबादले
के कारण रोचक और भावपूर्ण बनी है। नौकर रामचरण और घर के बच्चों के बीच
होने वाली नटखट शैतानियों का अंत उस समय हो गया जब लेखिका के मुख्य पात्र
का तबादला मुरादाबाद से इलाहाबाद हो गया। कहानी ‘रामचरण भिंडी’ का अंत
बेहद भावुक है। भिंडी से चिढ़ने वाला तबादला का नाम सुनकर ही उदास हो जाता
है। बच्चों से लिपटकर फूट-फूट कर रोने का चित्र उभर जाता है।

    विद्या विंदु सिंह की कहानी ‘आदमी और जानवर’ में लोकतत्व है। जानवरों
पर दया करना इस कहानी में अच्छे से आया है। यही नहीं इंसानों के भिन्न
स्वभाव का चित्रण भी इस कहानी में हुआ है। गोकुल के आदमी व्यापार में
उसका सब कुछ ले लेता है और जंगल से पकड़ कर लाया कुत्ता, कछुआ और बंदर दे
देता है। गोकुल इन्हें घर ले आता है, गोकुल का पिता उस पर नाराज होता है।
फिर ये तीनांे जानवर मिलकर गोकुल की मदद ही नहीं करते, खुद भी महसूस करते
हैं कि स्वार्थ की इस दुनिया में सभी मनुष्य एक जैसे नहीं होते।



    बलराम अग्रवाल का नाटक ‘सूरज का इंतजार’ महात्मा गांधी जी पर आधारित
है। यह नाटक उनके बचपन और वयोवृद्ध अवस्था दोनों पर प्रकाश डालता है।
अभिनय की दृष्टि से इस नाटक में अपार संभावनाएं हैं। मां के व्रत के साथ
जो कि सूरज के दिखने पर ही खोला जाता है। मोहन का भोजन को छिपाने का भाव
बड़ा ही मृदु है। गांधीजी के मुख से नाटककार ने यह कहलवाया है कि उन्हें
अहिंसा की ताकत माताजी से मिली है। संवाद भी बेहद प्रभावशाली है।
पुतलीबाई के मुख से नाटककार ने बहुत ही मननीय बातें कहीं हैं।

    सूर्यनाथ सिंह की कहानी ‘पंडित मोदकमल शास्त्री’ अच्छा-खासा मनोरंजन
करती है। पंडित जी के खर्राटें उनकी मुसीबत का कारण बन जाते हैं। कहानी
में खर्राटे ऐसी घटना का कारण बन जाते हैं कि पंडित जी बाहर न सोने की
कसम खा लेते हैं। गरमी में वे मचान बनाकर सोते हैं। मचान पर सोने से वह
उड़ने लग जाते हैं। उड़ते-उड़ते वे रामलीला का दृश्य देखने में मग्न हो जाते
हैं। कहानी का अंत भी बेहद हास्य से भरा है। रोचकता और चुटीला अंदाज
पाठकों को अवश्य भाएगा।

    ओमप्रकाश कश्यप लंबी कहानी और लंबे संवादों में पारंगत है। लेकिन
उनकी यह कहानी ‘नन्हा दीपक’ कुछ हटकर है। कहानी में दर्शन है। सूझ-बूझ
है। गहराई है। भाव हैं। नन्हा दीपक अंधेरे में जलता है लेकिन उसके उजाले
में चोर चोरी का माल बांटते हैं। दीपक सोचता है कि उसका उजाला उसे पाप का
भागीदार बना गया। अवसाद से भरा दीपक पिता सूरज से इस संबंध में बात करता
है। सूरज के दीपक को समझाने वाले संवाद बेहद सशक्त और मार्मिक बन पड़े
हैं। कहानी में उन्हीं चार चोरों द्वारा अपनी मेहनत से बनाई गई धर्मशाला
का उल्लेख कहानी को ही उलट देती है। कहानी का अंत सोचने को बाध्य करता
है।

    जाकिर अली रजनीश की विज्ञान कथा ‘एक नई शुरुआत’ में प्रवाह है। प्रो.
रामिश का मानव प्रक्षेपण ड्रीम प्रोजेक्ट है। माधवन की सहायता से मानव
प्रक्षेपण का सफल प्रयोग खुद रामिश अपने ऊपर करते हैं। लेकिन मानव
प्रक्षेपण यंत्र की दूसरी इकाई ठप्प हो जाने के कारण प्रो. रामिश का तरंग
स्वरूप अपनी गति खो बैठता है और हवा के बहाव के साथ प्रयोगशाला के पीछे
बहने वाले नाले की ओर उड़ पड़ता है। इसके बाद तो माधवन की दशा क्या होती
है। प्रो. रामिश के साथ क्या होगा? यह जिज्ञासा ही इस विज्ञान कथा का
प्राण है।

    भैरूंलाल गर्ग की कहानी ‘रक्षा का उपाय’ मनुष्यों द्वारा जंगल और
जंगली जानवरों को नष्ट कर देने पर केन्द्रित है। जंगल के सभी छोटे बड़े
पशु-पक्षी बैठक बुलाते हैं और मनुष्य को सबक सिखाने का निर्णय लेते हैं।
तय होता है कि यदि सब मिलकर मनुष्य पर हमला बोल दें तो वह मनमानी करने से
बाज़ आएगा। यही होता है। सुंदरवन के सभी जानवर एक हो जाते हैं। वे अपनी
रक्षा का उपाय जो सोच लेते हैं।

    विमला भण्डारी की कहानी ‘बन गए सब घनचक्कर’ में लोमड़ ने बंदरू हलवाई,
गरदू दरजी और लंगूरी दरजन की मिली भगत से मुरगी समाज को ठगने का अच्छा
खासा प्रबंध कर लिया था। लेकिन इकलू चूज़ा टिकलू चूज़ा की सहायता से भांप
लेता है कि कुछ तो गड़बड़ है। भांडा फूटने पर सभी को पता चलता है कि यह तो
उन्हें लूटने की एक ठग योजना थी। सरल और प्रवाहमय शैली ने कहानी को
दिलचस्प बना दिया है।

    गोविंद शर्मा की कहानी ‘मामा-मौसी’ पात्रों के माध्यम से बड़े ही
दिलचस्प और सोचनीय सवाल उठाती है। बंदर को मामा और बिल्ली को मौसी कहने
के पीछे का भाव और तर्क गुदगुदाता है।

     अनुजा भट्ट की कहानी ‘चीनू ने खोली आंटी की आंखें‘ विविध मनोभावों
के बच्चों में बदलाव दिखाने वाली कहानी है। कहानी का घटनाक्रम कुछ ऐसे
घटता है कि बच्चे पिकनिक की मस्ती छोड़ हर तीसरे रविवार उन हमउम्र बच्चों
को पढ़ाने का संकल्प ले लेते हैं, जो धनाभाव के कारण से नियमित स्कूल नहीं
जा पाते।

    पंकज चतुर्वेदी की कहानी ‘क्या बनोगी मुनिया’ बच्चों में पल-प्रतिपल
बदल रही धारणाओं पर आधारित है। मुनिया भी बड़ी होकर कुछ बनना चाहती है।
कुछ बनने और फिर उस इरादे को त्यागने के उसके अपने सटीक तर्क हैं। वह कुछ
ऐसा तो करना ही चाहती है कि बड़े उसका लोहा मानें। उसे यह मौका गड्ढे में
गिरे बकरी के बच्चे को बचाने से मिल जाता है। मुनिया के मासूम और
प्रभावशाली प्रश्न मन को भाते हैं।

    शकुंतला कालरा का यात्रा वृतांत पृथ्वी का स्वर्ग माॅरीशस भले ही
बच्चों के लिए नहीं लगता लेकिन किसी यात्रा को लिखा कैसे जाता है, यह
बेहद सशक्त ढंग से लिखा गया है।

    अंत में ब्रजेंद्र त्रिपाठी का आलेख नई सदी का बाल साहित्य विमर्श के
लिए कई सवाल उठाता है। यह बहस का मुद्दा है ही कि क्या बाल-साहित्य में
परी,राजा-रानी और राक्षस के पात्र हों या न हों। आखिर यह बहस रह-रह कर
बार-बार उठती है। नई सदी के बच्चे क्या पढ़ें और क्या न पढ़ें, यह हम उन पर
ही छोड़ दें तो कैसा रहेगा?

    अंक में शामिल सभी कविताओं पर बात करना संभव नहीं है। किसी कविता को
कमतर भी नहीं कहा जा सकता। बहुरंगी और बहुत सारे प्रतीक, विषयों पर
आधारित कई कविताएं गुनगुनाने लायक हैं। यही कहा जा सकता है कि रस, भाव और
सौन्दर्य का आनंद उठाने के लिए यह विशेषांक पढ़ना ही होगा।

    इस अंक में कन्हैया लाल मत्त, महादेवी वर्मा, शकुंतला सिरोठिया,
सरस्वती कुमार पाठक, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना, दामोदर अग्रवाल, बाल कवि
बैरागी, बाल स्वरूप राही, यश मालवीय, रमेश तैलंग, शेरजंग गर्ग, भगवती
प्रसाद द्विवेदी, रमापति शुक्ल, आनंद प्रकाश, राष्ट्रबंधु, अश्वघोष,
दिविक रमेश, प्रकाश मनु, कृष्ण शलभ, पुष्पा राही, योगेन्द्र कुमार लल्ला,
शिवकुमार गोयल, नागेश पांडेय सजय, हेमंत कुमार, राजनारायण चैधरी,
राजेन्द्र उपाध्याय, रमेश आजाद, संजीव ठाकुर, सुशील शुक्ल, अनुप्रिया ,
नरेन्द्र गोयल, श्याम सुशील, योगेन्द्र दत्त शर्मा, रामेश्वर दयाल दुबे,
रामवचन सिंह, चंद्र दत्त इंदु, चंद्रपाल सिंह यादव, नारायालाल परमार,
रमेश रंजक, ऋता शुक्ल की मोहक कविताएं इस अंक में पढ़ी जा सकती हैं।

   ये ओर बात है कि पत्रिका का वर्ष 2012 का बाल-साहित्य विशेषांक दो सौ
पृष्ठों का था। यह नवीन अंक एक सौ तीस पृष्ठों का है। दोनों अंकों में
परामर्श,समन्वय, सामग्री जुटाने से लेकर उन्हें संकलित करने का अथक
परिश्रम वरिष्ठ कथाकार-कवि प्रकाश मनु ने किया है।

    प्रकाश मनु को साहित्य अमृत ने अपना परामर्शदाता माना है। यह बड़ी बात
है। निश्चित रूप से जिस पत्रिका ने भी प्रकाश मनु से परामर्श और सहयोग
लिया है, उसकी गूंज हमेशा चहूं ओर सुनाई पड़ी है। साहित्य अमृत का नियमित
अंक तीस रुपए का होता है, लेकिन यह अंक पचास रुपए का है। एक कमी अवश्य
खलती है। काश! रचनाकारों का जन्म समय भी दिया होता तो पाठक हर रचनाकार के
समय का ठीक-ठीक अंदाजा लगा लेता।

Monday, November 5, 2012

संवाद -2 : मोहम्मद साजिद खान का बाल कहानी संग्रह: रहमत चचा का घोड़ा

बाल साहित्य पर सार्थक विमर्श की श्रंखला में 
संवाद-२ के रूप में 
इस बार प्रस्तुत है मोहम्मद साजिद खान का बाल कहानी संग्रह
 रहमत चाचा का घोड़ा
 श्री जाकिर अली 'रजनीश ' की पहली टिप्पणी के साथ 

बिखरते सामाजिक मूल्‍यों की जीवंत दास्‍तान

बहुत से लोग बाल साहित्‍य का मतलब आज भी राजा-रानी और परियों की कहानियों से लगाते हैं। ऐसे लोग बाल साहित्‍य को उपदेश और संस्‍कार प्रदान करने के एक माध्‍यम के रूप में देखते हैं। जबकि जमाना बहुत आगे निकल आया है। आज का बच्‍चा कम्‍प्‍यूटर युग का प्राणी है और वह हर कदम पर प्रतियोगिता का सामना करने के लिए अभिशप्‍त है। यही कारण है कि उसकी रूचियों, उसकी प्राथमिकताओं में ही नहीं, उसके सपनों में भी जबरदस्‍त बदलाव आ चुका है। ऐसे में आवश्‍यक हो गया है कि उन्‍हें ऐसा साहित्‍य उपलबध कराया जाए, जो न सिर्फ अपने आसपास के वास्‍तविक माहौल से रूबरू कराए वरन पाठकों को समाज में सकारात्‍मक बदलाव के लिए प्रेरित भी कर सके।

यह प्रसन्‍नता का विषय है कि युवा रचनाकारों ने न सिर्फ समय की इस माँग को भलीभाँति समझा है, वरन वे अपनी अपनी रचनाओं में उसे ढ़ालकर साहित्‍य को एक नई ऊँचाई भी प्रदान कर रहे हैं। ऐसे ही गम्‍भीर उद्देश्‍य के साथ साहित्‍य रचना करने वाले चर्चित एवं सशक्‍त बाल साहित्‍यकार हैं मोहम्‍म्‍द साजिद खान, जिनका सद्य प्रकाशित बाल कथा संग्रह है ‘रहमत चचा का घोड़ा’।

आलोच्‍य संग्रह में साजिद खान की चार लम्‍बी कहानियाँ ‘रहमत चचा का घोड़ा’, ‘अफरे में बसा गाँव’, ‘हादसा’ और ‘बदलाव’ संग्रहीत हैं, जो बिखरते सामाजिक मूल्‍यों और ग्रामीण जीवन में तेजी से आ रहे बदलावों की जीवन्‍त दास्‍तां को बयाँ करती हैं। ये कहानियाँ अपने ‘फार्म’ और ‘विज़न’ दोनों के कारण बाल कहानियों को एक नया आयाम प्रदान करती हैं। इन कहानियों को लेखक ने ‘लम्‍बी कहानी’ कहकर सम्‍बोधित किया है, जो औपन्‍यासिक उद्देश्‍यों के साथ गढ़ी गयी हैं। आलोच्‍य संग्रह की ‘बदलाव’ कहानी इससे पूर्व ‘ग्‍यारह बाल उपन्‍यास’ (सं0 ज़ाकिर अली ‘रजनीश’) में संग्रहीत होकर पाठकों का ध्‍यान अपनी ओर आकर्षित कर चुकी है। ये अपने तरह की अद्भुत कहानियाँ हैं, क्‍योंकि न तो इनमें कहीं बच्‍चे हैं न बचपना और न ही बाल साहित्‍य के तमाम तथाकथित तत्‍व। लेकिन बावजूद इसके इनमें मौजूद घटनाएँ और संवेदनाएँ न सिर्फ पाठक को बाँधे रखती हैं, वरन उसे बुरी तरह से झकझोरती भी हैं।

परियों और फैंटेसी की काल्‍पनिक नगरी से दूर ये कहानियाँ हमारे अधिसंख्‍य समाज के चुभते यथार्थ पर केन्द्रित हैं और उनके दर्द को अविकल रूप में प्रस्‍तुत करती हैं। इन्‍हें पढ़ते हुए पाठक के मस्तिष्‍क में समाज की विकृत लेकिन सच्‍ची तस्‍वीर उभरती है, जो उसे सोचने के लिए विवश करती है और एक अर्थ में पाठक की रूचि के परिष्‍कार का गुरूतर दायित्‍व का निर्वहन करती भी प्रतीत होती हैं। अपनी इस विशिष्‍ट अप्रोच के कारण ही यह कहानियाँ वर्ष 2008 में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के भारतेन्‍दु पुरस्‍कार से भी समादृत हो चुकी हैं।

‘मार्मिक बाल कहानियाँ’ (प्रकाशन विभाग, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय) के द्वारा बाल साहित्‍य में अपनी एक विशिष्‍ट पहचान बना चुके मोहम्‍म्‍द साजिद खान इस संग्रह के द्वारा बाल साहित्‍य में ग्रामीण परिवेश की यथार्थपरक कहानियों की एक शानदार नींव रखते हुए नजर आते हैं। इस नींव में गाँव की माटी की महक ही नहीं प्रेमचंद की स्‍वर्णिम परम्‍परा की झलक भी है। आशा है बाल साहित्‍य के वायवीय परिवेश के बीच ये कहानियाँ न सिर्फ पाठकों के बीच सराही जाएँगी, वरन अपनी गम्‍भीर शैली के कारण एक ठोस विमर्श की शुरूआत करने में भी समर्थ होंगीं।

पुस्‍तक: रहमत चचा का घोड़ा
लेखक: मोहम्‍मद साजिद खान
सम्‍पादक: आर. अनुराधा  
प्रकाशक: प्रकाशन विभाग, सूचना एवं प्रसारण मंत्रलाय, सी.जी.ओ. काम्‍प्‍लेक्‍स, लोधी रोड, नई दिल्‍ली-110003
पृष्‍ठ: 65, मुल्‍य: 65


ओमप्रकाश कश्यप11/03/2012 5:32 pm
...बिना किसी भावुकता के पूरे होशोहवास में लिख रहा हूं....ये चारों बालकहानियां हमारे देखे-भाले परिवेश की होकर भी आगे की रचनाएं हैं. हिंदी बालसाहित्य को अभी तक इस दृष्टि से देखा ही नहीं गया है. हालांकि इसकी आवश्यकता बहुत पहले से थी. इसलिए निवेदन है कि बालसाहित्य की जो टेक आपने पकड़ी है, उसको छोड़ना मत. संभव है कि इन कहानियों को पत्रिकाओं और अखबारों में जगह ही न मिले. या कुछ लोग इन्हें बालकहानी मानने से ही इन्कार कर दें. पर ये कहानियां अद्भुत हैं. अगर इसी तरह लिखते रहे तो निश्चय ही आप हिंदी बालसाहित्य अनूठा अवदान देने वाले बनेंगे.
पुस्तक पढ़ने के बाद पता चला कि वह प्रकाशन विभाग, भारत सरकार का प्रतिष्ठित ‘भारतेंदु हरिश्चंद्र पुरस्कार’ प्राप्त कर चुकी है. इसलिए मेरे मन में प्रकाशन विभाग के प्रति भी अतिरिक्त सम्मान है, जिससे बालकथाओं के बंधे-बंधाए ढर्रे से बाहर निकलकर इस पुस्तक को पुरस्कार योग्य माना है. इन दिनों राजेंद्र भट्ट वहां इस काम को देख रहे हैं. इस पुस्तक को उन्होंने देखा है या नहीं, यह तो मैं नहीं जानता, मगर भट्ट जी के पास बालसाहित्य की अनूठी समझ है. इस पुस्तक की बालकहानियों में बालसाहित्य को लेकर उनका सोच भी झलकता है. 
इनमें से प्रत्येक कहानी पर लंबी-लंबी बात की जा सकती है....फिलहाल बस. 
ओमप्रकाश कश्यप

ओमप्रकाश कश्यप11/03/2012 5:31 pm
साजिद भाई ने यह पुस्तक मुझे भेजी थी. पुस्तक पर जो प्रारंभिक प्रतिक्रिया हुई उसको लेखक के नाम पत्र में इस तरह शब्द-बद्ध किया गया था. आपकी समीक्षा में विस्तार देने की कोशिश के रूप में वही यहां प्रस्तुत है—

हिंदी बालसाहित्य में गांव लगभग नदारद रहा है. हालांकि अधिकांश साहित्यकार ग्रामीण पृष्ठभूमि से आए हैं. मगर नौकरी या व्यवसाय के चलते वे शहरों-कस्बों के बाशिंदे बन गए. चूंकि वे अपने बच्चों को गांव के पुराने परिवेश में नहीं लौटाना चाहते, उन्हें शिक्षा में अव्वल, संस्कार में नागरियत के करीब तथा भौतिक दृष्टि से कामयाब देखना चाहते हैं, इसलिए गांव की समस्याएं तथा वहां की सामंती परिवेश के भीतर जीवित सामासिक संस्कृति, उन्हें अपनी ओर आकर्षित नहीं कर पातीं. इस कारण उनकी रचनाओं में मध्यवर्गीय बालक के सपने तथा उसकी समस्याएं तो हैं, मगर गांव और वहां के बच्चे नहीं हैं. समाचारपत्र गंवईं परिवेश की कहानियां छापने से इसलिए बचते हैं क्योंकि विज्ञापनदाताओं के लिए वहां अपेक्षित बाजार नहीं है; और वे अपने ‘अन्नदाताओं’ को नाराज नहीं करना चाहते. बाजार जैसे-जैसे गांव जाएगा, वहां की चीजें भी अखबार में आने लगेंगी, यद्यपि उनकी दृष्टि वैसी होगी, जैसी बाजार निर्धारित करेगा. उनके लिए यह सीधे-सीधे लेन-देन का मसला है. कस्बाई मानसिकता से रचे गए उनके पात्र धूल-मिट्टी से परहेज करते हैं. लंच लेकर ठीक समय पर पाठशाला को निकलते हैं. अच्छे बच्चे की भांति समय पर होमवर्क निपटाते हैं तथा जेबखर्च की मांग के साथ ‘जेबखर्च जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए आधुनिक होने का भ्रम पाल लेते हैं. जो बच्चे ऐसा नहीं करते, वे ‘अच्छे बच्चे’ भी नहीं हैं. इसलिए उनकी सारी सारी साहित्यिक चिंताएं उन्हें अच्छे बच्चों की श्रेणी में लाने की रहती हैं. अधिकांश बालसाहित्यकारों के लिए गांव अधिक से अधिक अतीतमोह का हिस्सा हैं. ऐसे में ‘रहमत चचा का घोड़ा’, ‘अफरे में बसा गांव’, ‘बदलाव’ और ‘हादसा’ जैसी कहानियां गंवई संवेदना को उसकी पूरी पाकीजगी और निष्ठा के साथ सामने लाती हैं. इस पुस्तक के लिए बधाई देने अथवा सराहना करने के लिए मेरे पास उपयुक्त शब्द नहीं हैं. बस इतना कहूंगा कि आपने बालसाहित्य के खालीपन को भरने की कामयाब कोशिश की है.
अपनी छोटी-सी भूमिका में लेखक ने इन्हें नाहक ही लंबी कहानियां कहा है. मेरी राय में असली कहानियां तो यही हैं. जिन्हें बालकहानी बताकर अखबारों में कालम की भरपाई की जाती है, उनमें से अधिकांश को कहानी कहते हुए भी मुझे संकोच होता है. साहित्य के वृहद उद्देश्य उनसे नहीं साधे जा सकते. जो लेखक यह मानते हैं कि बालक केवल 1000—1500 शब्दों की कहानी पढ़ सकते हैं, वे स्वयं बालक के सामथ्र्य से परिचित नहीं हैं, या जानबूझकर उसको झुठलाना चाहते हैं. और इनमें बहुत-से लोग वही हैं जो चाहते हैं बारह-तेरह वर्ष का बालक कुरआन शरीफ की आयतें पढ़ ले. रामायण, महाभारत के लंबे-लंबे कथानक से परिचित हो जाए, सुखसागर का पाठ कर डाले, लेकिन साहित्य के नाम पर कहानी यदि 1000—1500 शब्दों से बड़ी हुई तो इनके कलेजे कांपने लगेंगे—हाय रे, मासूम बालक इतनी बड़ी कहानी कैसे पढ़ पाएगा! वह बेचारा तो पहले ही पाठ्य पुस्तकों के ‘बोझ’ से दबा है, साहित्य के लिए समय कहां से समय निकाल पाएगा....वगैरह-वगैरह. मुझे तो यह भी एक षड्यंत्र जान पड़ता है. विभेदकारी धार्मिक-सामाजिक कट्टरता, असमानता एवं यथास्थिति को बनाए रखने का षड्यंत्र. शायद हम नहीं चाहते कि बालक का आधुनिकताबोध इतना विकसित हो जो परंपरा से चली आ रही किस्म-किस्म की धंधागिरी को चुनौती दे सके. इसलिए अनुकूलित कहानियों के काटे-तराशे ‘बोन्साई’ संस्करण पढ़ते हुए बालक जब तक बड़ा होता है, तब तक उसको प्रचलित रूढ़ियों और जड़ मान्यताओं के साथ पूरी तरह ढाल दिया जाता है. 
प्रत्‍युत्तर दें
उत्तर

DrZakir Ali Rajnish11/04/2012 9:01 pm
कश्‍यप जी, आपने सचमुच पुस्‍तक समीक्षा को विस्‍तार दिया है। बाल साहित्‍य आज वास्‍तव में अपनी सीमाएं लांघ रहा है। कुछ लोगों के लिए यह खटकने वाली बात भले ही हो, पर यह एक शुभ संकेत है। साजिद की कहानियां इसी बात की गवाह हैं। इस तरह की बहुत सी कहानियां यादराम रसेन्‍द्र और अनंत कुशवाहा जी ने भी लिखी हैं। पर अफसोस कि ऐसी सार्थक रचनाओं पर कोई चर्चा नहीं हो पाती